Breaking News
Smart Media Dashmesh Mohali Walk Smart Media Insurance Point Hardev Singh Ubha

न्यू चंडीगढ़ की आवासीय कालोनियां के मुख्य प्रवेश रास्ते को एक निजी स्कूल द्वारा छोटा किए जाने का मामला

आवासीय सोसाइटियों ने मुद्दे को मुख्यमंत्री व संबंधित उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का निर्णय लिया

न्यू चंडीगढ़, 6 फरवरी, पंजाबी दुनिया ब्यूरो:

इको सिटी-1 की कई रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनज ने निर्माणाधीन स्ट्रॉबेरी स्कूल द्वारा अवैध रूप से सर्विस लेन के मुख्य प्रवेश द्वार को बंद करने की कोशिश पर कड़ा विरोध जताया है। उल्लेखनीय है कि इकोसिटी-1, डीएलएफ, ऑफिसर्स कॉलोनी, ऐलटस, मेडिसिटी और आसपास के कई गांवों के निवासियों के लिए यह एक मात्र मुख्य प्रवेश द्वार है। इकोसिटी-1 की सभी आरडब्ल्यूए ने इस मुद्दे को मुख्यमंत्री, सचिव आवास व शहरी विकास विभाग, सीए गमाडा, उपायुक्त मोहाली और अन्य उच्च अधिकारियों तक पहुचाने का निर्णय लिया है। निवासियों की मांग है कि इस प्रवेश रास्ते को ओर ज्यादा खुला किया जाना चाहिए क्योंकि यहां से चार बड़ी सोसाइटियों और अनेक गांवों का एंट्री पॉइंट है।

सीएम पंजाब को लिखित पत्र में सभी आरडब्ल्यूए ने हाल ही में वायुसेना स्टेशन के सामने सेंट्रल वर्ज को बंद किए जाने पर भी ऐतराज उठाया है। क्योंकि मेडिसिटी में ओर भी ऊँची रिहायशी इमारतें, अस्पताल और व्यावसायिक परिसर बन रहे हैं। करीब 34 फीट चौड़ी यह सर्विस लेन भविष्य में भारी ट्रैफिक को संभालने में सक्षम नहीं हो पाएगी। फ्लाइओवर के दूसरी ओर सिसवां की तरफ से आने वाले ट्रैफिक को भी यही समस्या होगी। यदि यह फैसला लागू होता है तो ट्रैफिक और आपातकालीन सेवाओं जैसे एंबुलेंस को इन सर्विस लेनों में प्रवेश करने में कठिनाई होगी। इस निर्णय का सबसे अधिक नुकसान यहां के निवासियों को ही होगा। इसलिए फ्लाईओवर के दोनों तरफ के स्लिप रोड को भी चौड़ा किए जाने की अति आवश्यकता है।

लोगों द्वारा हस्ताक्षरित पत्र में स्कूल के मुख्य द्वार के सिसवां- चंडीगढ़ हाईवे की तरफ बनाने और स्लिप रोड पर स्कूल द्वारा स्पीड ब्रेकर लगाने पर भी ऐतराज किया है। सेक्टर बी ब्लॉक के आरडब्ल्यूए प्रधान एडवोकेट कुलदीप सैनी ने बताया कि जब यह स्कूल शुरू हो जाएगा तो यहां पर ट्रैफिक की समस्या बहुत ज्यादा हो सकती है। क्योंकि यहां का एक मात्र पेट्रोल पंप भी स्कूल के पास ही बना हुआ है। यहां के आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों और निवासियों की मांग है कि हाईवे की तरफ बना स्कूल का मुख्य द्वार प्रशासन द्वारा शीघ्र बंद करवाया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *