
चंडीगढ़, 29 जुलाई, अमनदीप सिंह :
आई.टी. व हार्डवेयर नैटवर्किंग क्षेत्र की अग्रणी संस्था जैटकिंग चंडीगढ़ और लाल बहादुर शास्त्री राजकीय महाविद्यालय सरस्वतीनगर (हिमाचल प्रदेश) के मध्य एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इस सांझेदारी का मुख्य उद्देश्य हिमाचल प्रदेश के दुर्गम क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी ज्ञान, कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण प्रदान करना है। इस समझौते के अंतर्गत महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा, क्लाऊड कम्प्यूटिंग, डाटा एनालिटिक्स, आर्टिफिशियल इंटैलीजैंस जैसी उन्नत तकनीकों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
हस्ताक्षर समारोह के दौरान जैटकिंग चंडीगढ़ के केंद्र प्रबंधक सुधीर कुमार पठानिया ने कहा कि इस एम.ओ.यू. के माध्यम से युवाओं को वर्तमान उद्योगों की मांग के अनुरूप तैयार किया जाएगा।
इस मौके पर महाविद्यालय की प्राचार्या डा. पूनम मेहता ने कहा कि यह सहयोग विद्यार्थियों के लिए एक बेहतरीन अवसर है। जैटकिंग चंडीगढ़, कॉलेज का तकनीकी नैटवर्क स्थापित करने में भी पूर्ण रूप से योगदान देगा। ये जानकारी जैटकिंग चंडीगढ़ के सेंटर डायरेक्टर विनोद चौहान ने दी। सेंटर डायरेक्टर विनोद चौहान ने बताया कि इसी तरह का एक एमओयू वीरभद्र सिंह गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज, रोहड़ू के साथ भी साइन हुआ है।
एमओयू हस्ताक्षर होने के पश्चात डिग्री कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉक्टर ललिता रावत ने बताया कि इस समझौते से हमारे विद्यार्थियों को आईटी क्षेत्र में व्यावसायिक दक्षता हासिल करने का अवसर मिलेगा।