
न्यू चंडीगढ़, 22 जून, पंजाबी दुनिया ब्यूरो:
होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में एक विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित कॉमन योगा प्रोटोकॉल के अनुसार सम्पन्न हुए इस सत्र में अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारीगण, आदरणीय प्रशासन निदेशक, सहायक निदेशक प्रशासन आदरणीय प्रभजोत सिंह, श्री केशव सहित अस्पताल के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, प्रशासनिक प्रतिनिधि एवं सेवा-समर्पित सदस्यगण सादर उपस्थित रहे। सभी ने उत्साहपूर्वक भाग ले कर योग सत्र में आत्मीयता से सहभागिता निभाई और इस पहल की सराहना की।
कार्यक्रम का दिशा-निर्देशन पतंजलि योग समिति, जिला मोहाली (उत्तर) के जिला प्रभारी एवं मुख्य योग शिक्षक रमेश चन्द्र शारदा ने ऑनलाइन माध्यम से किया। उनके सशक्त मार्गदर्शन में योग शिक्षकों अक्षय कुमार यादव, ओम प्रकाश सेतिया एवं धर्मवीर सिंह मढ़ोतरा ने प्रतिभागियों को प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगाभ्यासों का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर रमेश चन्द्र शारदा ने अपने संदेश में कहा, “योग केवल शरीर को मोड़ने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि आत्मा से जुड़ने की साधना है। यह जीवन को संतुलित करता है और आंतरिक शांति का आधार बनता है।” उन्होंने संस्थान में नियमित योग कक्षा आरंभ करने का प्रस्ताव भी रखा, जिससे रोगियों, चिकित्सकों एवं सेवा समुदाय को योग के दीर्घकालिक लाभ प्राप्त हो सकें। कार्यक्रम का समापन सामूहिक शांति पाठ के साथ हुआ, जिसमें सभी ने विश्व शांति, सामूहिक आरोग्यता एवं मानसिक संतुलन हेतु प्रार्थना की। संस्थान प्रबंधन ने पतंजलि योग समिति की समर्पित टीम का हार्दिक स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए इसे स्वास्थ्य और सेवा के क्षेत्र में एक सार्थक पहल बताया।