
चंडीगढ़, 27 जनवरी, पंजाबी दुनिया ब्यूरो:
ट्राई सिटी फोटो आर्ट सोसाइटी तपस ने रविवार को अपना दसवां स्थापना दिवस मनाया। इस मौके पर फॉल्कन व्यू क्लब हाउस, मोहाली में कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें आउटडोर मॉडलिंग वर्कशॉप के अतिरिक्त फोटोग्राफिक टॉक हुई तथा सदस्यों को सम्मानित भी किया गया। उल्लेखनीय है कि इस क्षेत्र में आर्ट फोटोग्राफी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ट्राईसिटी के दो नामी फोटोग्राफर दीप भाटिया और विनोद चौहान ने 26 जनवरी 2015 को तपस का गठन किया था। बाद में चंडीगढ़ व मोहाली के कई नामवर फोटोग्राफर भी इस संस्था के साथ जुड़े। क्षेत्र के छायाकारों के जुनून के फलस्वरूप ही तपस अपने प्रथम वर्ष में ही एफआईपी ऑल इंडिया इंटर क्लब कॉन्टैसट में प्रथम स्थान प्राप्त करने में कामयाब हुई थी। इस दशक के दौरान तपस ने एक अंतरराष्ट्रीय फोटोग्राफी प्रतियोगिता तथा राष्ट्रीय स्तर की दो फोटोग्राफी प्रतियोगिताएं सफलतापूर्वक आयोजित कर सलोन फोटोग्राफी को प्रोत्साहित किया।
इस मौके पर संस्था के एडवाइजर दीप भाटिया ने बताया कि हमारा उद्देश्य क्षेत्र के युवा छायाकारों को उनकी रुचि के मुताबिक फोटोग्राफी में महारत हासिल करवाना है। यह इस बात पर भी निर्भर करता है कि आर्टिस्ट कला के प्रति स्वयं को कितना समर्पित करता है। तपस के पैटर्न विनोद चौहान ने बताया कि अगर हमारे मन में कुछ करने की तमन्ना है तो हम शीघ्र ही अपने टारगेट को अचीव करने में सक्षम हो सकते हैं। चाहे फिर वह कला फोटोग्राफी क्षेत्र हो या कोई ओर। जब संस्था के सदस्यों से यह पूछा गया कि वे फोटोग्राफी क्यों करते हैं तो किसी ने इसे सुकून व मन की शांति के लिए, स्ट्रेस बस्टर के लिए, शौकिया तौर पर, प्रकृति को अभिव्यक्त करने हेतु अत्यादि बताया।

मॉडलिंग सैशन के दौरान चर्चित मॉडल स्नेहा ने विभिन्न कलात्मक मुद्राएं प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इस मौके पर संस्था के प्रधान जसबीर सिंह व कार्यकारिणी सदस्यों ने तपस के संस्थापक दीप भाटिया और विनोद चौहान को विशेष रूप से सम्मानित किया। फोटोग्राफी तथा संस्था के कार्यों के लिए समर्पण हेतु जसबीर सिंह, हेमंत चौहान, पल्लवी पींगे, प्रशांत वर्मा, डा. चरणजीत सिंह, मनप्रीत सैनी, मोहित, कमलजीत सिंह, परवीन नैन, विकास कपिला और तरनजीत को मोमेंटो से सम्मानित किया गया। यह जानकारी तपस के प्रेस सचिव हेमंत चौहान ने शेयर की।